June 19, 2026 11:49 pm

CM धामी ने रेलवे परियोजनाओं में मांगी तेजी, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर नवंबर तक ठोस प्रगति के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं और भविष्य की रेल कनेक्टिविटी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मजबूत रेलवे नेटवर्क पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे चारधाम यात्रा, विशेषकर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, आधुनिक और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। साथ ही कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन और किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजनाओं को क्षेत्रीय संतुलित विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर भी शीघ्र कार्रवाई आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों के लगातार बढ़ने के कारण रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण आवश्यक है। उन्होंने गढ़वाल मंडल के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की तथा कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित करने पर बल दिया।

आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विशेष सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और रेलवे के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबल ट्रैक निर्माण की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती प्रदान करेगा।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें