June 20, 2026 5:00 am

CM धामी ने सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दिलाई शपथ, कहा- विकसित उत्तराखंड के निर्माण में कर्मचारियों की भूमिका अहम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और सुशासन, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को मजबूत बनाने में सचिवालय परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा तय होती है।

उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उनकी कार्यकुशलता, कर्मनिष्ठा और समर्पण से सरकार की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचता है तथा शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु तैयार होता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार शुरू से ही शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए कार्य कर रही है। कर्मचारी संगठनों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उनका मानना है कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र ही सुशासन की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, तकनीक आधारित सेवाओं का विस्तार करने और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड सचिवालय बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन एवं कार्यकुशलता की नई मिसाल कायम करेगा। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ दायित्व निभाने तथा देवभूमि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के “विकल्प रहित संकल्प” को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें