February 23, 2026 6:36 am

पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पीपलकोटी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पीपलकोटी स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर मरीजों को दी जा रही उपचार सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दूरस्थ और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा सेवा और समर्पण भाव से संचालित इस चिकित्सालय की सराहना करते हुए इसे पर्वतीय क्षेत्रों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी जिस समर्पण से सेवाएं दी जा रही हैं, वह प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और अस्पताल की सुविधाओं को और सशक्त बनाया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए सरकार लगातार काम कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज़ न जाना पड़े।

अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रतिबद्धता और संवेदनशील कार्यशैली का प्रतीक माना जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें