March 30, 2026 2:59 am

कांग्रेस में शामिल नेताओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पलटवार, कहा – इनमें से कोई भी BJP का नहीं था

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में नेताओं के दल बदल को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस में कुछ नेताओं के शामिल होने के बाद उठे विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के दावों को सिरे से खारिज कर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस जिन लोगों को भारतीय जनता पार्टी का नेता बताकर अपने साथ शामिल होने की बात कर रही है, उनमें से कोई भी वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं था। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ लोग कई वर्ष पहले ही पार्टी से निष्कासित हो चुके थे, जबकि कुछ नेता चुनाव लड़ने के बाद स्वतः ही संगठन से अलग हो गए थे।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेशभर में जाकर सही जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड के कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीम लाल आर्य, पूर्व महापौर गौरव गोयल, लखन सिंह और अनुज गुप्ता शामिल बताए जा रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड में दल बदल की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और आने वाले समय में सियासी बयानबाजी और बढ़ने की संभावना है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें