May 9, 2026 5:36 pm

पिथौरागढ़ को 165 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, विधायक की बेटी के विवाह में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान जिले को 165 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण सिंह महर राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कैलाश उत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिले के लिए 45 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर नई विकसित खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री बेरीनाग पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निर्माणाधीन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

बेरीनाग में भाजपा नेता मनीष पंत ने चौकोड़ी क्षेत्र में भूमि के मालिकाना हक और बिजली-पानी कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए मुख्यमंत्री को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। वहीं व्यापार संघ और नगर पालिका प्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं, खेल मैदान, सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय व्यापारियों और लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बेरीनाग बाजार में दान सिंह मेहरा की दुकान पर रुककर प्रसिद्ध जलेबी का स्वाद लिया और स्थानीय लोगों का हालचाल जाना।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल की बेटी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल के विवाह समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के सोशल मीडिया सह संयोजक लाल सिंह कोरंगा के आवास पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय चंदन सिंह कोरंगा के निधन पर शोक भी व्यक्त किया और परिजनों को ढांढस बंधाया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें