June 8, 2026 11:34 pm

नागथात में लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, सड़क, पुल, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए सड़क, पेयजल, शिक्षा और कनेक्टिविटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर की लोक संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक एकजुटता उत्तराखंड की समृद्ध विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। यहां की सांस्कृतिक धरोहर नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल निर्माण, कई नए मोटर मार्गों के निर्माण तथा पंपिंग पेयजल योजना शुरू करने सहित क्षेत्रीय विकास की कई योजनाओं की घोषणा की। साथ ही द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग के निर्माण का भी ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। रासो की थाप, हारूल की गूंज और बौंद जैसी लोक परंपराएं केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत 128 जनजातीय गांवों का चयन कर सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण जारी है। जनजातीय छात्रों को प्राथमिक स्तर से स्नातकोत्तर तक छात्रवृत्ति और 16 आश्रम पद्धति विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि चकराता क्षेत्र में लगभग 39 करोड़ रुपये की 56 विकास योजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं संचालित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 और 707A के चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, जबकि न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से काम हो रहा है। इसके अलावा श्री महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान पर भी कार्य जारी है।

कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, दायित्वधारी गीता राम गौड़, मेला समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव नरेंद्र तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें