April 9, 2026 2:22 am

बंगाल में गरजे मुख्यमंत्री धामी, टीएमसी सरकार को बताया भय, भ्रष्टाचार और अपराध का सिंडिकेट

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में रोड शो और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में टीएमसी सरकार भय, भ्रष्टाचार और अपराध का सिंडिकेट बन चुकी है।

मुख्यमंत्री धामी ने बनगांव में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने बनगांव दक्षिण विधानसभा सीट से प्रत्याशी स्वप्न मजूमदार, बनगांव उत्तर से अशोक कीर्तनिया, बगदा सीट से सोमा ठाकुर और गैघाटा सीट से सुब्रत ठाकुर के नामांकन में शामिल होकर उनका समर्थन किया।

रोड शो और जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में भय, भ्रष्टाचार और अपराध की राजनीति से लोग परेशान हो चुके हैं और इस बार जनता इस सरकार को बदलने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं रह गई है, बल्कि एक सिंडिकेट की तरह काम कर रही है। कट और कमीशन इस सरकार की पहचान बन चुके हैं और लोगों को डराना, धमकाना तथा लूटना इसकी राजनीति का हिस्सा बन गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने डबल इंजन सरकार के महत्व को बताते हुए कहा कि आज पूरे देश में डबल इंजन की सरकार विकास और सुशासन का प्रतीक बन चुकी है। जिस भी राज्य में चुनाव हो रहे हैं, वहां की जनता डबल इंजन सरकार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता भी इस बार भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया पहले भी होती रही है, लेकिन इस बार इसे पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है ताकि साफ और सटीक मतदाता सूची तैयार हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख इसका विरोध कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा में लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि बनगांव की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का संकेत है कि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और इस बार राज्य में कमल खिलने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने से बंगाल में विकास को नई गति मिलेगी, समृद्धि आएगी और राज्य में कानून का राज स्थापित होगा। 🌺📰

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें