August 11, 2026 4:39 pm

तमकनाला आपदा पर मुख्यमंत्री धामी की सीधी नजर, लगातार कर रहे मॉनिटरिंग, अधिकारियों को दिये ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने के निर्देश

देहरादून। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सड़क संपर्क बहाल करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य माध्यमों से ग्रामीणों तक जरूरी सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने को कहा, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था से जुड़े कार्यों में देरी न हो। बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए नदी-नालों तथा निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चौबीसों घंटे निगरानी, राहत तंत्र अलर्ट

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक बढ़े अत्यधिक जलप्रवाह के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी मिली थी। घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

सुरक्षा, राहत और संपर्क बहाली पर सरकार का फोकस

तमकनाला की घटना के बाद सरकार का फोकस प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति और वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था बहाल करने पर है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को त्वरित निर्णय लेने और जमीनी स्तर पर स्थिति का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें