June 22, 2026 12:11 am

बनबसा में मुख्यमंत्री धामी ने किया सामूहिक योगाभ्यास, योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

बनबसा: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हजारों योग साधकों, एसएसबी जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली की चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति लागू की गई है, जिसके तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी तथा शोध एवं अध्ययन के लिए 10 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं और सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से बनबसा क्षेत्र को आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट और विभिन्न धार्मिक-पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी उत्तराखंड को योग का वैश्विक केंद्र बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, सचिव आयुष रंजना राजगुरु सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें