June 14, 2026 10:18 pm

सरकारी स्कूलों में बनेंगे बुक बैंक और डिजिटल लाइब्रेरी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए निर्देश

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों में बुक बैंक और डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के साथ ही भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

मुख्य सचिव ने सचिव शिक्षा को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में बुक बैंक बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी किताबें वापस बुक बैंक में जमा कर सकेंगे, जिन्हें अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब हो चुकी या वापस नहीं मिल पाने वाली पुस्तकों के स्थान पर आवश्यकता के अनुसार नई पुस्तकें छपवाई जाएं। इससे हर वर्ष नई किताबें छापने में होने वाले करोड़ों रुपये के खर्च में कमी आएगी।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा कक्षों और छात्रावासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए नाबार्ड के माध्यम से वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी विद्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई के लिए प्रभावी मैकेनिज्म बनाया जाए और इसके लिए अलग से वित्तीय व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने विद्यालयों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने और ज्ञान बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

बैठक में सचिव रविनाथ रमन, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें