July 26, 2026 5:47 am

उत्तराखंड में SIR में पूर्ण सहयोग करेगी भाजपा, सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में भाजपा पूर्ण सहयोग करेगी। देहरादून के कुआंवाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित पार्टी की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को एसआईआर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में तय किया गया कि एसआईआर अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और राज्य या क्षेत्र से बाहर जा चुके लोगों के नाम हटाने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करेंगे।

इसके साथ ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में शेष रह गए करीब 2000 बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति एक माह के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पार्टी विधायकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

“बूथ जीता, चुनाव जीता” के मंत्र के साथ जुटने का आह्वान

बैठक में मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देशभर की तरह उत्तराखंड में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है और इसमें बूथ स्तर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत और स्थायी बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर है।

धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा राज्य

भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि धामी जनता का विश्वास जीतने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य कर रहे हैं।

जीत की हैटट्रिक का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत के आधार पर यह विश्वास है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत की हैटट्रिक लगाएगी।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने सभी जिलों में शीघ्र संगठनात्मक ढांचे को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्या सहित कई विधायक, प्रांतीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी और नवनियुक्त बीएलए मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें