June 4, 2026 11:36 pm

कांग्रेस को बड़ा झटका !  वरिष्ठ नेता कुन्दन सिंह बथियाल का आकस्मिक निधन, गोदियाल-यशपाल आर्य ने जताया शोक, कहा – पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुन्दन सिंह बथियाल के सड़क दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे कांग्रेस संगठन और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

दोनों नेताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि कुन्दन सिंह बथियाल एक कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन क्षेत्र की जनता और विकास कार्यों के लिए समर्पित किया। ब्लॉक प्रमुख के रूप में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है।

बथियाल के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि कुन्दन सिंह बथियाल का असमय निधन संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनका जनसेवा के प्रति समर्पण और सरल व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।

सभा में राजेन्द्र सिंह भंडारी, राजीव महर्षि, राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, अजय सिंह, गोदावरी थपली, अभिनव थापर, अमेन्द्र बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र सिंह रांगड़, डॉ. प्रतिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें