March 3, 2026 4:58 am

दून में बसंतोत्सव का समापन, राज्यपाल और CM धामी ने बांटे विजेताओं को पुरुस्कार, IIT रुड़की ने किया रनिंग ट्रॉफी पर कब्ज़ा

देहरादून: लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय वसंतोत्सव का रविवार को भव्य समापन हो गया। इन तीन दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पों के प्राकृतिक सौंदर्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। वसंतोत्सव-2026 में इस वर्ष की रनिंग ट्रॉफी आईआईटी रुड़की को मिली। 🌼

इस वर्ष आईआईटी रुड़की ने 13 श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 4 श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर ओएनजीसी दूसरे स्थान पर रहा। वसंतोत्सव में 15 श्रेणियों की 54 उप-श्रेणियों में कुल 161 पुरस्कार वितरित किए गए। विजेताओं को लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। 🏅

वसंतोत्सव-2026 में इस वर्ष पहली बार गवर्नर्स अवॉर्ड की शुरुआत की गई। इसके तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों, महिला कृषकों और स्टार्टअप के माध्यम से नवाचार कर रहे युवा कृषकों को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में इंडियन मिलिट्री अकादमी और इंडो‑तिब्बतन बॉर्डर पुलिस के पाइप बैंड की मधुर धुनों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। 🎶

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि तीन दिनों में लगभग साढ़े तीन लाख लोगों के चेहरे पर दिखी खुशी और संतोष इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव-2026 का उद्देश्य फूलों के माध्यम से सकारात्मकता, संतुलन और रचनात्मकता का संदेश देना रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वसंतोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, कृषि शक्ति और उभरती हरित अर्थव्यवस्था का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में लगभग 656 हेक्टेयर क्षेत्र में व्यावसायिक पुष्प खेती हो रही है, जो कम लागत में अधिक आय का माध्यम बन रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति जैसी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनके अंतर्गत बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। 🌱

कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें