November 26, 2026 9:34 pm

पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा को दो करोड़ की मानहानि का नोटिस, सात दिन में माफी मांगने की मांग, पढ़ें पूरी खबर…

देहरादून। नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर लगे करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपों के बीच विवाद अब मानहानि के नोटिस तक पहुंच गया है। आरोप लगाने वाले विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने पूर्व मेयर को दो करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। दोनों ने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक-एक करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति मांगी है।

नोटिस के मुताबिक, गामा ने सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों पर दोनों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि उन्हें आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताने की कोशिश की गई, जबकि किसी सक्षम न्यायालय ने उनके खिलाफ ऐसा कोई निर्णय नहीं दिया है।

विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह का कहना है कि इन टिप्पणियों के प्रसार से उनकी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्हें मानसिक परेशानी, सामाजिक अपमान और व्यावसायिक नुकसान उठाना पड़ा है।

कानूनी नोटिस में गामा को सात दिन का समय देते हुए कथित आपत्तिजनक बयान वापस लेने, लिखित माफी मांगने और उन्हीं सार्वजनिक माध्यमों पर खंडन जारी करने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी गई है।

दुकानों के आवंटन से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला देहरादून नगर निगम की दुकानों के आवंटन से जुड़ा है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए। अब आरोप लगाने वाले दोनों व्यक्तियों ने गामा की कथित सार्वजनिक टिप्पणियों को मानहानिकारक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें