November 26, 2026 9:25 pm

अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में एफआईआर, गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे विनोद आर्य

देहरादून। अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने के मामले में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य गुरुवार को खुद थाना राजपुर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से अपनी गिरफ्तारी करने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। उन्होंने अपना नार्को टेस्ट कराने की सहमति जताई और अंकिता के माता-पिता सहित मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।

दरअसल, अंकिता भंडारी के माता-पिता ने 25 नवंबर को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की थी। उन्होंने विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अंकिता की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की गई है। इसके बाद थाना राजपुर में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए इसे हरिद्वार नगर कोतवाली भेज दिया गया।

एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद विनोद आर्य थाना राजपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें भी एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली थी, इसलिए वह खुद थाने आए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की।

विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना है तो उसके साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वह नार्को टेस्ट के लिए तैयार हैं और अंकिता के माता-पिता सहित जिन लोगों पर आरोप हैं, उनका भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए।

धरने के बाद दर्ज हुई जीरो एफआईआर

अंकिता के माता-पिता पिछले कई दिनों से विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। तीन दिन पहले उन्होंने थाना राजपुर में शिकायत दी थी। इसके बाद बुधवार को वे गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उसी शाम पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कांग्रेस नेता उनके साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। इसके बाद थाना राजपुर में जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें