September 5, 2026 4:59 pm

उत्तराखंड में सितंबर में चढ़ेगा सियासी पारा, राष्ट्रीय नेताओं के दौरे से गरमाएगा चुनावी माहौल

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सितंबर का महीना प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ाने वाला माना जा रहा है। कांग्रेस ने राज्य में राष्ट्रीय नेतृत्व की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के अनुसार सितंबर में पार्टी के कई बड़े राष्ट्रीय नेता उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व की सक्रियता से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी।

कांग्रेस की इस सक्रियता को भाजपा हल्के में ले रही है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे या प्रियंका गांधी के उत्तराखंड आने से चुनावी परिणाम पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस संगठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पार्टी के पास मजबूत संगठन नहीं है तो केवल राष्ट्रीय नेताओं के दौरे से चुनाव नहीं जीता जा सकता।

सितंबर में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के संभावित दौरों के साथ ही भाजपा की ओर से भी संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को भी इसी चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

ऐसे में विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले ही उत्तराखंड में दोनों प्रमुख दलों के बीच सियासी मुकाबला तेज होता दिखाई दे रहा है। राष्ट्रीय नेताओं की सक्रियता से आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति और गरमाने के आसार हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें