August 28, 2026 11:26 am

नगर आयुक्त के सख्त निर्देश, 15 दिन में गड्ढामुक्त होंगी देहरादून की सड़कें

देहरादून: नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने शहर की स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और विकास कार्यों में पारदर्शिता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की 15 दिन के भीतर मरम्मत कराने को कहा है।

नगर आयुक्त ने मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों और संपर्क मार्गों के किनारे उगी घास-झाड़ियों, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। सफाई कार्यों की वार्डवार दैनिक रिपोर्ट तस्वीरों के साथ प्रस्तुत करनी होगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने वर्षा और जलभराव से क्षतिग्रस्त तथा गड्ढायुक्त सड़कों का स्थलीय सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मरम्मत और पैचवर्क पूरा कर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। सड़क कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्य शुरू होने से पहले स्थल निरीक्षण, जीपीएस लोकेशन सहित तस्वीरें और आवश्यकता का प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है। कार्य शुरू होने और पूरा होने के बाद एक ही दिशा से पहले और बाद की तस्वीरें ली जाएंगी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी कार्य की दोहरी स्वीकृति रोकने के लिए यह भी जांचा जाएगा कि उसी स्थान पर समान प्रकृति का कार्य किसी अन्य योजना या विभाग से पहले स्वीकृत अथवा प्रस्तावित तो नहीं है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर भुगतान नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता की जिम्मेदारी तय की जाएगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें