देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस सितंबर से उत्तराखंड में अपने राष्ट्रीय नेताओं की सक्रियता बढ़ाने जा रही है। पार्टी की योजना लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम कराने की है। इसके तहत राहुल गांधी की हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सभाएं व रैलियां कराने की तैयारी है, जबकि प्रियंका गांधी को चमोली और अल्मोड़ा में उतारने की योजना बनाई जा रही है।
राष्ट्रीय नेताओं के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तिथियां पार्टी हाईकमान से विमर्श के बाद तय की जाएंगी। हाल ही में दिल्ली में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय नेताओं के दौरे को लेकर सहमति बनी थी।
कांग्रेस की रणनीति के तहत मैदानी क्षेत्रों में राहुल गांधी के कार्यक्रमों में युवाओं, रोजगार, महंगाई और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में प्रियंका गांधी के कार्यक्रमों में पलायन, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे केंद्र में रहेंगे।
इससे पहले राहुल गांधी देहरादून में छात्रों और युवाओं से संवाद कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आठ अगस्त को हल्द्वानी में रैली कर चुनावी अभियान को गति दी थी। अब सितंबर से पार्टी राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी के जरिए प्रदेश में चुनावी माहौल को और धार देने की तैयारी में है।
राहुल और प्रियंका गांधी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता सचिन पायलट समेत अन्य नेताओं के दौरे भी प्रस्तावित हैं। पार्टी की कोशिश राष्ट्रीय नेतृत्व की सक्रियता के साथ स्थानीय संगठन को मजबूत करने की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे की रूपरेखा तैयार की जा रही है। जल्द ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।











