June 22, 2026 1:33 am

CM धामी ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में किया नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से तैयार भवन से छात्रों को मिलेंगी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग 4.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण भी किया।

जनसभा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में अल्मोड़ा में एक भव्य द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा चमतोला खेल मैदान, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी क्षेत्र से कलूटा पोलिंग बूथ तक नए मोटर मार्ग के निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तराखंड भी उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जागेश्वर धाम के विकास के लिए मास्टर प्लान के तहत विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ जैसी पहलें स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सबसे फिल्म अनुकूल राज्य बनने का गौरव प्राप्त हुआ है और युवाओं के हित में लागू किए गए नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें