June 21, 2026 2:08 am

उत्तराखंड में कल NEET का री-एग्जाम, 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, धामी सरकार ने की रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा

देहरादून। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 का री-एग्जाम आज प्रदेश के 10 जिलों में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में उत्तराखंड के 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

प्रदेश में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि देहरादून में 16 केंद्रों पर करीब 6,800 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। नैनीताल जिले के 11 केंद्रों पर 3,874 और ऊधमसिंह नगर के 5 केंद्रों पर 2,528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और प्रत्येक तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सुपरवाइजर के नेतृत्व में छह सदस्यीय विशेष टीम तैनात रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ आईटीबीपी के जवान भी निगरानी करेंगे।

पिछली परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द होने के बाद यह री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में छात्र और अभिभावकों को इस बार पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया की उम्मीद है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें