June 18, 2026 4:34 am

कर्णप्रयाग हिंसा पर हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की अपील, शस्त्रों के दुरुपयोग से बचने का किया आह्वान

चमोली। कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए कुछ निहंग श्रद्धालुओं द्वारा हुए विवाद और हिंसक घटना के बाद गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट ने सिख श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने जारी बयान में कहा कि 23 मई से शुरू हुई हेमकुंड साहिब यात्रा में हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। उन्होंने सभी यात्रियों से धार्मिक मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा करने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने का आग्रह किया।

ट्रस्ट ने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाने और विशेष रूप से बच्चों को किसी भी प्रकार के हथियार रखने से बचाने की अपील की गई है।

बयान में कहा गया कि उत्तराखंड देवभूमि और शांतिप्रिय राज्य है, जहां सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।

इधर, राज्य आंदोलनकारी एवं भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने कर्णप्रयाग की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि धार्मिक प्रतीक के रूप में रखे जाने वाले शस्त्रों का इस्तेमाल मामूली विवाद में लोगों पर हमला करने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने धारदार हथियारों से हमला करने के आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

गौरतलब है कि मंगलवार को कर्णप्रयाग में मामूली विवाद के बाद कुछ निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें