May 23, 2026 2:32 am

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारी, सैनिक परिवारों के बीच पहुंच सकती है कांग्रेस

देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि उनका दौरा पौड़ी या लैंसडाउन क्षेत्र में प्रस्तावित है, जहां वे सैनिक और पूर्व सैनिक परिवारों के बीच पहुंचकर सभा कर सकते हैं। खास तौर पर अग्निवीर योजना और वन रैंक वन पेंशन जैसे मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लगातार बातचीत चल रही है। हालांकि अभी कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय नहीं हुई है, लेकिन उनके एक-दो दिन के उत्तराखंड दौरे की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा का जून के पहले सप्ताह में उत्तराखंड दौरा पहले से तय है। इसी बीच राहुल गांधी के कार्यालय से भी उनके उत्तराखंड आने की इच्छा जताई गई है, जिसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लगातार संपर्क में है।

वहीं, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी से राहुल गांधी का कार्यक्रम पौड़ी या लैंसडाउन में कराने का सुझाव दिया है। साथ ही कुमाऊं मंडल में भी उनके एक कार्यक्रम का प्रस्ताव रखा गया है।

हरक सिंह रावत के मुताबिक राहुल गांधी सैनिक और सैन्य परिवारों के बीच जाकर संवाद कर सकते हैं। इस दौरान अग्निवीर योजना और वन रैंक वन पेंशन जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी के दौरे से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और पार्टी को आगामी चुनावी तैयारियों में मजबूती मिलेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें