June 11, 2026 3:03 pm

जन शिकायत की पड़ताल करने मौके पर पहुंचे सीएम, वीडियो कॉल के जरिए अधिकारियों को दिखाई स्थिति

देहरादून: देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक मिसाल पेश की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री खुद जाखन क्षेत्र में मौके पर पहुंचे और जन शिकायत की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया।

दरअसल, स्थानीय निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के बाद क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि लाइन बिछाने के दौरान फुटपाथ को खोदकर ठीक से मरम्मत नहीं की गई, जिससे टाइल्स धंस गई हैं और आम लोगों को परेशानी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक से पहले ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल के जरिए अधिकारियों को वीडियो कॉल कर मौके की वास्तविक तस्वीर दिखाई और लापरवाही पर नाराजगी जताई।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधूरी और बिना योजना के किए गए कार्यों से जनता को बार-बार परेशानी होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद कई स्थानों पर तार बाहर दिखाई देना गंभीर खतरे का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में इस तरह की समस्याओं की पहचान कर समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह औचक निरीक्षण कर जन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें