July 26, 2026 7:22 am

दिव्यांशु जटराना हत्याकांड पर सियासत तेज, राकेश टिकैत के प्रदर्शन पर मंत्री खजान दास का तंज़ कहा चुनाव नजदीक आ गए !

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को हुई छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के मामले को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान देहरादून पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में अब प्रदेश सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। सरकार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और जनता की भावनाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है।

मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और इस घटना की कड़ी निंदा करती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी की तलाश जारी है।

उन्होंने राकेश टिकैत के धरने को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तराखंड में अब राजनीतिक माहौल बनने लगा है, इसलिए इस तरह की गतिविधियां भी देखने को मिल रही हैं।

दरअसल, 23 मार्च को प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान मुजफ्फरनगर निवासी छात्र दिव्यांशु जटराना गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने फरार सात आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में किसान देहरादून पहुंचे।

किसानों ने पहले दिव्यांशु जटराना को श्रद्धांजलि दी और उसके बाद पुलिस और सरकार से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। राकेश टिकैत ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो यह प्रदर्शन आगे चलकर बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें