देहरादून: मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति दी गई और चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने जिन कार्यों के शासनादेश (जीओ) अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये से कम लागत के अस्थायी कार्यों की संस्तुति आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा की जाएगी।
उन्होंने कुंभ से जुड़े चंडीदेवी और मनसा देवी से संबंधित कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी कार्यों को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता तय कर आगे बढ़ाया जाए। टेंट, बैरीकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों को एंपैनल करने हेतु बिडिंग प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कुंभ कार्यों के लिए ऑडिट टीम तैनात करने के निर्देश देते हुए सूचना, पर्यटन और संस्कृति विभाग को अगली उच्च स्तरीय समिति की बैठक में अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही मेलाधिकारी को कुंभ के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत योजना भी तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कनखल क्षेत्र में यातायात संकुलन को दूर करने के लिए योजना तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने को कहा और सभी निर्माण कार्यों को अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने जानकारी दी कि विभिन्न विभागों के 191.30 करोड़ रुपये लागत के कुल 33 कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें से 31 कार्यों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि दो कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने सभी कार्यों को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का भरोसा भी दिलाया।
मुख्य सचिव ने सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि मेलाधिकारी के साथ-साथ विभागीय सचिव भी अपने स्तर पर प्रगति की समीक्षा करें और प्रत्येक समिति बैठक में कुंभ कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सी. रविशंकर, रणवीर सिंह चौहान और विनोद कुमार सुमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











