March 18, 2026 7:08 pm

धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला, ऊर्जा निगमों के प्रबंध निदेशक समेत कई अधिकारी कार्यमुक्त

देहरादून। धामी सरकार ने मंगलवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उत्तराखण्ड के ऊर्जा निगमों में तैनात कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। इनमें उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड और उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी शामिल हैं। ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर कार्य कर रहे थे।

प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार को सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था, लेकिन अब उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

उनकी जगह उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक यमुना घाटी प्रथम डाकपत्थर तथा पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के प्रभारी निदेशक परिचालन गजेंद्र सिंह बुदियाल को उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

वहीं उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल को भी सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। सरकार ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। उनकी जगह उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक भागीरथी घाटी तथा प्रभारी निदेशक परिचालन अजय कुमार सिंह को निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक परियोजना अजय कुमार अग्रवाल को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है। हालांकि अभी उनकी जगह किसी अन्य अधिकारी को जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। सरकार के इस फैसले को ऊर्जा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें