February 20, 2026 11:06 pm

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल का आरोप- सदन में जन मुद्दों पर जवाब देने से बच रही उत्तराखंड सरकार

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले जन मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में एक बार भी सोमवार का दिन प्रश्नकाल के लिए निर्धारित नहीं किया गया, जबकि इस दिन मुख्यमंत्री के जवाब का समय तय रहता है।

कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए गोदियाल ने कहा कि आगामी विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में प्रस्तावित है, लेकिन इसके लिए केवल पांच दिन का समय रखा गया है। कांग्रेस विधायकों की मांग है कि सत्र कम से कम एक माह तक चलाया जाए, ताकि सभी 70 विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठा सकें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्नकाल महज औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। सदन में पूछे गए प्रश्नों से ही सरकार की नीतियों, निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

गोदियाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार संवाद से दूर भागती है तो जनता के मन में अविश्वास की भावना बढ़ेगी। कांग्रेस पार्टी सदन के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें