देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी नेताओं की ओर से चुनावी दावेदारी के बीच कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने सहसपुर विधानसभा सीट को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें सहसपुर से चुनाव मैदान में उतारता है तो वह कांग्रेस को 20 हजार से अधिक वोटों से जीत दिलाने की गारंटी देते हैं।
हरक सिंह रावत ने कहा कि वह अपनी इच्छा पार्टी नेतृत्व के सामने पहले ही जाहिर कर चुके हैं। उनके मुताबिक क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के साथ जनता के बीच अपनी पकड़ का आकलन करने के बाद उन्होंने यह दावा किया है। उन्होंने कहा कि सहसपुर से चुनाव लड़ने पर कांग्रेस को केवल एक सीट पर ही नहीं, बल्कि आसपास की विधानसभा सीटों पर भी लाभ मिल सकता है।
हरक सिंह रावत का कहना है कि सहसपुर से लगी देहरादून और हरिद्वार जिले की कई सीटों पर भी उनका प्रभाव है। ऐसे में सहसपुर से चुनाव लड़ने की स्थिति में वह आसपास के क्षेत्रों में भी कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में भूमिका निभा सकते हैं।
उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर सहसपुर सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब पार्टी हाईकमान उनके दावे और दावेदारी पर क्या फैसला करता है, यह देखने वाली बात होगी। हरक सिंह रावत 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे, हालांकि कांग्रेस ने उन्हें उस चुनाव में टिकट नहीं दिया था। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।











