September 22, 2026 3:02 pm

राहुल गांधी पर सीएम धामी का हमला, पीएम मोदी की माता और अजीत डोभाल पर टिप्पणी को बताया निंदनीय

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीय माता और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता के प्रति सम्मान और श्रद्धा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मंच पर उनकी माता का उपहास किया गया, जो राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उम्र और अनुभव में उनसे वरिष्ठ हैं और उन्होंने देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता को लेकर कथित टिप्पणी और उस पर उपहास से राहुल गांधी की सोच और राजनीतिक गरिमा पर सवाल खड़े होते हैं।

अजीत डोभाल पर टिप्पणी को बताया निंदनीय

अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। धामी ने कहा कि डोभाल ने देश की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वे उत्तराखंड के सपूत हैं। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को निंदनीय बताया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सेना और सेना से जुड़े लोगों का लगातार अपमान करते हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस नेता के रुख पर भी सवाल उठाए।

सतपाल महाराज के जन्मदिन समारोह में पहुंचे धामी

मुख्यमंत्री सोमवार को हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में आयोजित कैबिनेट मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज के 75वें जन्मदिन समारोह में शामिल हुए। दो दिवसीय समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने सादगी, सरलता और अनुशासन के साथ जीवन जिया है और इसी भावना के साथ उत्तराखंड की सेवा कर रहे हैं।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी सतपाल महाराज को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होकर उन्हें आनंद की अनुभूति हुई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प भी लिया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें