August 18, 2026 7:07 pm

भाजपा मुख्यालय में गढ़वाल की तीनों लोकसभा सीटों पर मंथन, 2027 चुनाव की रणनीति तैयार, CM धामी भी रहे मौजूद

देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटोंटिहरी, गढ़वाल और हरिद्वारको लेकर अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और संगठन तथा सरकार के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी जोर दिया।

टिहरी लोकसभा की बैठक से सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह रहीं दूर

बैठक के पहले चरण में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। हालांकि टिहरी की सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह स्वास्थ्य कारणों के चलते बैठक में शामिल नहीं हो सकीं। उनकी अनुपस्थिति में क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल समेत कई विधायक और जिला स्तरीय पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में हुई बैठक में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई।

गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा सीटों पर भी हुआ मंथन

टिहरी के बाद गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों को लेकर भी बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संबंधित लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, विधायक और जिला अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है जो पूरे वर्ष संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों के लिए सक्रिय रहता है। इन बैठकों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को आम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही कार्यकर्ताओं के सुझावों और आगामी लक्ष्यों पर चर्चा करना है।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी में संगठन सर्वोपरि है और संगठन की ओर से दिए गए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता पूरी मेहनत करते हैं। मंडल और जिला स्तर की बैठकों के बाद अब लोकसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ मंथन किया जा रहा है।

भाजपा के लिए वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटी पार्टी अब संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ ही चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक पहुंचाने में जुट गई है। गढ़वाल की तीनों लोकसभा सीटों पर हुई ये बैठकें इसी रणनीति की अहम कड़ी मानी जा रही हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें