September 11, 2026 3:35 pm

yashpal

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे पर तीखा हमला, कहा – पहले अपना ‘रायता’ समेटें भाजपा अध्यक्ष, फिर जनता को ज्ञान दें

हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष उत्तराखंड की जनता के सवालों का जवाब देने नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के भीतर फैले ‘रायते’ को समेटने हल्द्वानी आए हैं।

यशपाल आर्य ने कहा कि यदि भाजपा के प्रदेश संगठन और सरकार में सब कुछ ठीक है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष को बार-बार उत्तराखंड आकर नेताओं की नाराजगी, गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के असंतोष को संभालने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से नेता आते हैं, बंद कमरों में बैठकें करते हैं, कार्यकर्ताओं को समझाते हैं और बाहर निकलकर सब कुछ ठीक होने का प्रमाणपत्र बांट देते हैं, जबकि जमीन पर संगठन और जनता दोनों परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि नितिन नवीन को पहले कार्यकर्ताओं की नाराजगी, नेताओं की गुटबाजी और सरकार के खिलाफ जनता में बढ़ रहे असंतोष का जवाब देना चाहिए, इसके बाद ही उत्तराखंड की जनता को ज्ञान देना चाहिए।

हल्द्वानी के रामलीला मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली से जुड़े कथित शुद्धिकरण विवाद को लेकर भी आर्य ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीति का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सम्मान और भाईचारे से जुड़ा मामला है। आर्य ने कहा कि भगवान राम ने कभी किसी व्यक्ति को उसकी पहचान के आधार पर छोटा-बड़ा नहीं माना, ऐसे में रामलीला के मंच पर कथित तौर पर शुद्धिकरण के नाम पर भेदभाव का सवाल गंभीर है।

उन्होंने भाजपा से पूछा कि क्या यही सबका साथ और सामाजिक समरसता है। आर्य ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ उसकी सामाजिक पहचान के आधार पर ऐसा व्यवहार किया गया है तो यह केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की उस परंपरा का अपमान है, जिसमें हर वर्ग और समाज के सम्मान को स्थान मिला है।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा रोजगार, आम आदमी महंगाई से राहत, पहाड़ पलायन रोकने, मरीज बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और अभिभावक स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर सवाल कर रहे हैं, लेकिन भाजपा इन मुद्दों का जवाब देने के बजाय बैठकों में व्यस्त है।

आर्य ने कहा कि नितिन नवीन की बड़े नेताओं के साथ बंद कमरे में हो रही बैठकों से साफ है कि भाजपा के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे दिल्ली से कितने भी बड़े नेता बुला ले, उत्तराखंड की जनता के सवालों से नहीं भाग सकती। प्रचार और भाषण से जमीनी हकीकत नहीं बदली जा सकती।

उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष हल्द्वानी में संगठन का हिसाब लेने आए हैं, लेकिन अब उत्तराखंड की जनता भाजपा से पांच साल के काम का हिसाब लेने के लिए तैयार है। रोजगार, महंगाई, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सम्मान से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा।

यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की साझा संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और हर व्यक्ति के सम्मान के लिए मजबूती से खड़ी है और जनता के मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें