November 29, 2026 8:32 am

मसूरी में पर्यटकों और वाहनों के प्रवेश पर सीमा तय करने की मांग, नई सड़क परियोजनाओं के विरोध में पर्यावरणविद्, CS से की मुलाक़ात…

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में बढ़ते पर्यटन और वाहनों के दबाव के बीच शहर की पर्यावरणीय स्थिति को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। मसूरी की वहन क्षमता निर्धारित करने और अनियंत्रित पर्यटन पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर पर्यावरण संरक्षण संस्था सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात की। उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में हुई इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी में प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं का विरोध करते हुए पर्यटकों और वाहनों के प्रवेश को शहर की वास्तविक क्षमता के अनुरूप सीमित करने का सुझाव दिया।

प्रतिनिधिमंडल में ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा शामिल रहे। सदस्यों ने मसूरी में बढ़ते पर्यटकों और वाहनों की संख्या के साथ पेयजल, पार्किंग, सीवेज व्यवस्था और पेड़ों के कटान का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि एक छोटे पहाड़ी शहर में पर्यटन का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि उपलब्ध बुनियादी सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में बिना पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन किए नए निर्माण और सड़क परियोजनाएं शुरू करना भविष्य के लिए चिंता का विषय है।

बैठक में हिमांशु अरोड़ा ने मसूरी के लंढौर और झड़ीपानी क्षेत्रों में जमीन धंसने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में अनियोजित निर्माण और बढ़ता मानवीय दबाव गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है। उन्होंने जोशीमठ की आपदा का उदाहरण देते हुए समय रहते पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में दून घाटी की करीब 47 प्रतिशत हरियाली समाप्त हो चुकी है।

वहीं, ईरा चौहान ने झाझरा से मिस्सरपट्टी होते हुए मसूरी तक प्रस्तावित नई सड़क परियोजना पर सवाल उठाए। उनके अनुसार, इस परियोजना के निर्माण में करीब 18 से 20 हजार पेड़ों के कटान की आशंका है। इनमें साल, रोहिणी, बुरांश और बांज जैसे पेड़ शामिल हैं। इसके अलावा एलकेडी रोड के चौड़ीकरण में भी करीब 700 पेड़ों के कटान की बात सामने आई है। उन्होंने इन परियोजनाओं का विरोध करते हुए कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों का कटान पहाड़ों के पर्यावरणीय संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि जब मसूरी के लिए रोपवे परियोजना पर काम चल रहा है और इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है, तो ऐसे में शहर तक पहुंचने के लिए नई सड़क परियोजनाओं की जरूरत पर भी विचार किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि किसी भी विकास परियोजना को मंजूरी देने से पहले उसके पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन जरूरी है।

बैठक में जया सिंह ने मसूरी की सीमित पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए बताया कि पूरे शहर में करीब 1,287 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। ऐसे में पर्यटकों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचने वाले अतिरिक्त वाहनों का दबाव संभालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या बढ़ाने से पहले पेयजल, सीवेज और पार्किंग जैसी सुविधाओं की वास्तविक क्षमता का आकलन किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार किसी भी नागरिक को किसी शहर में आने से नहीं रोक सकती, क्योंकि प्रत्येक नागरिक को देश में कहीं भी आने-जाने का संवैधानिक अधिकार है। इस पर संस्था के सदस्यों ने तर्क दिया कि किसी भी शहर की अपनी एक निश्चित क्षमता होती है और उसी के अनुरूप पर्यटकों तथा वाहनों का प्रबंधन किया जाना चाहिए।

संस्था ने मुख्य सचिव के सामने तीन प्रमुख सुझाव रखे। इनमें मसूरी के लिए प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं को रद्द करने, पर्यटकों और वाहनों के लिए सख्त पंजीकरण व्यवस्था लागू करने तथा शहर में उपलब्ध पार्किंग और होटलों के कमरों की वास्तविक संख्या के आधार पर पर्यटकों के प्रवेश की सीमा निर्धारित करने की मांग शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मुख्य सचिव ने सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए इन्हें प्रमुख सचिव, पर्यावरण को भेज दिया है। अब मसूरी की वहन क्षमता निर्धारित करने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को लेकर सरकार की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें