November 27, 2026 11:26 am

देहरादून: द्रोण वाटिका में दो माह से खुदी पड़ी सड़कें, पाइपलाइन का काम अधूरा छोड़ गायब हुआ ठेकेदार, कॉलोनी-वासियों मे रोष…

देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित द्रोण वाटिका कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कें पिछले दो माह से बदहाल पड़ी हैं। मैत्री विहार पेयजल योजना के तहत कॉलोनी की सड़कों को खोदकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदार दो माह से काम बंद कर गायब है और विभागीय अधिकारी भी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और मलबा फैला है। इससे पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कीचड़, जलभराव और फिसलन से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देने से स्थिति और जोखिम भरी हो जाती है।

द्रोण वाटिका सोसायटी के अध्यक्ष के मुताबिक, योजना को करीब दो वर्ष पहले स्वीकृति मिली थी और उसी समय टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी, लेकिन काम काफी देरी से शुरू हुआ। पाइपलाइन बिछाने के लिए ठेकेदार ने पूरी कॉलोनी की सड़कें खोद दीं और फिर काम बंद कर दिया। न पाइपलाइन पूरी हुई और न ही सड़कों की मरम्मत कराई गई।

अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि योजना की शुरुआत के समय पेयजल विभाग के अधिशासी अभियंता ने समय पर काम पूरा कराने और सड़कों को पहले से बेहतर बनाने का भरोसा दिया था। अब शिकायतों के बावजूद अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के खुदी हुई सड़कों को जल्द ठीक कराने के निर्देशों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

सोसायटी पदाधिकारियों ने मामले में सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए ठेकेदार का भुगतान रोकने और पूरी योजना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में टेंडर के बाद काम शुरू होने में हुई देरी, निर्माण की गुणवत्ता और अब तक किए गए भुगतान का भी ब्योरा सामने आना चाहिए।

मुख्यमंत्री और अधिकारियों को भेजी शिकायत

कॉलोनीवासियों ने मुख्यमंत्री, पेयजल विभाग के सचिव और जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि सड़कों की बदहाली के कारण एंबुलेंस की आवाजाही तक प्रभावित हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों को गड्ढों और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सहस्त्रधारा रोड पर धरना देंगे।

कॉलोनीवासियों ने पांच मांगें उठाई हैं। इनमें ठेकेदार का भुगतान रोकना, योजना की निष्पक्ष जांच, अधूरी पाइपलाइन का काम 15 दिन में पूरा करना, खोदी गई सड़कों को पहले जैसी या उससे बेहतर स्थिति में बनाना और दोषी ठेकेदार व लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करना शामिल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पेयजल योजना के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास कार्यों के नाम पर सड़कों को लंबे समय तक बदहाल छोड़ना स्वीकार नहीं करेंगे। अब उनकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें