November 26, 2026 9:11 pm

मार्च 2027 तक बनेगा जमरानी का कॉफर डैम, मुख्य सचिव ने दिये सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए शासन ने निगरानी तेज कर दी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परियोजनाओं के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को अलग-अलग परियोजना प्रबंधक के रूप में तैनात करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि बांधों से बनने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएं। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना के कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों परियोजनाओं की प्रगति के फोटो और वीडियो नियमित रूप से राज्य प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा, ताकि निर्माण की वास्तविक स्थिति की निगरानी हो सके।

उन्होंने कंक्रीटिंग और खुदाई कार्यों की समयसीमा के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जमरानी परियोजना में खुदाई की दिनवार प्रगति दर्शाने वाला चार्ट आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। सौंग बांध परियोजना के कार्यों को भी मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की अग्रिम तैयारी और परियोजनाओं की संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया भी पहले ही पूरी करने पर जोर दिया, ताकि निर्माण में देरी न हो।

सौंग बांध परियोजना की भौतिक प्रगति 21 प्रतिशत

समीक्षा में बताया गया कि सौंग बांध परियोजना को पर्यावरण, वन और तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं। विशेष सहायता योजना के तहत मार्च 2024 में परियोजना की शेष 2,491.96 करोड़ रुपये की लागत के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई थी। परियोजना में 130.60 मीटर ऊंचे बांध, 150 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर लाइन का निर्माण शामिल है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 21 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। परियोजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 39.60 करोड़ रुपये की धनराशि का पूरा उपयोग किए जाने की जानकारी भी दी गई।

जमरानी परियोजना का 84 प्रतिशत पुनर्वास कार्य पूरा

जमरानी बांध परियोजना में कार्यालय और आवासीय भवनों, कॉलोनियों तथा संपर्क मार्गों सहित बुनियादी ढांचे का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डायवर्जन सुरंग का 80 प्रतिशत, क्रशिंग और मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत तथा कॉफर डैम का 50 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। नींव की खुदाई और एबटमेंट का कार्य 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

परियोजना के तहत 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण और 40.82 किलोमीटर नहर के नवीनीकरण का काम 32.46 प्रतिशत पूरा हुआ है। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें