November 23, 2026 5:37 pm

सोंग नदी के प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने की तैयारी, दो दिवसीय कार्यशाला में दिया गया ठोस कार्ययोजना पर जोर

देहरादून। सोंग नदी में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए अब ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में अंतरराष्ट्रीय जल प्रबंधन संस्थान और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की की ओर से 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें नदी बेसिन स्तर पर प्रदूषण के स्रोतों, रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रसार और इनके नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की जा रही है।

कार्यशाला का उद्देश्य सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध के हॉटस्पॉट तथा उनके प्रसार के रास्तों की पहचान करना है। इसके लिए जल गुणवत्ता की निगरानी, जलविज्ञान मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पूर्वानुमान तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा मार्गदर्शक ढांचा और भूमि, जल तथा खाद्य प्रणालियों में प्रदूषण व रोगाणुरोधी प्रतिरोध कम करने के उपायों की सूची तैयार की जाएगी।

कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य और नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के साथ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, बीएआईएफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन और विभिन्न शोध संस्थानों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग विभागों और संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करना है।

मुख्य अतिथि जलागम सचिव एवं जलागम प्रबंधन निदेशक दिलीप जावलकर ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना और उसमें सुधार करना समय की बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण पर नियंत्रण, जल संरक्षण और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ नदी के कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नदी की पारिस्थितिकी के साथ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा भी जरूरी है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के प्रोफेसर सुमित सेन ने जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग तथा विभिन्न उपायों के संभावित प्रभावों के आकलन पर जोर दिया। उन्होंने कार्यशाला में एसडब्ल्यूएटी और बीएफटीएम मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन की स्थिति और अलग-अलग हस्तक्षेप परिदृश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही नदी के पुनर्जीवन की प्रभावी योजनाएं तैयार की जा सकती हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें