November 23, 2026 3:53 pm

उत्तराखंड के 1.15 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगे टैबलेट, 230 करोड़ रुपये खर्च करेगी धामी सरकार

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के 1.15 लाख छात्र-छात्राओं को जल्द निशुल्क टैबलेट वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए बजट व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रत्येक टैबलेट के लिए 20 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। योजना पर कुल 230 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

टैबलेट मिलने से विद्यार्थी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ऑनलाइन कक्षाओं और वर्चुअल पढ़ाई से जुड़ सकेंगे। बोर्ड परीक्षाओं से पहले ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञ शिक्षक प्रतिदिन एक से दो घंटे कक्षाएं लेकर विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियां दूर करेंगे। इससे परीक्षा की तैयारी और पुनरावृत्ति में मदद मिलेगी।

योजना के तहत राजकीय विद्यालयों के 1,03,700 और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 11,300 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। इनमें हाईस्कूल के 58,500 और इंटरमीडिएट के 56,500 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

राजकीय विद्यालयों में हाईस्कूल के 53,800 और इंटरमीडिएट के 49,900 विद्यार्थियों को टैबलेट मिलेंगे। वहीं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में हाईस्कूल के 4,700 और इंटरमीडिएट के 6,600 विद्यार्थी योजना के दायरे में आएंगे। राजकीय विद्यालयों के लिए 207.40 करोड़ रुपये और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 22.60 करोड़ रुपये के टैबलेट खरीदे जाएंगे।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों को जल्द निशुल्क टैबलेट वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि टैबलेट मिलने से छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पाठ्यक्रम और वर्चुअल कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई करने में सुविधा होगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें