November 23, 2026 2:28 am

दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का मानदेय, संगठनों ने जताया CM धामी का आभार

देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाने की घोषणा पर कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सरकार के फैसले का स्वागत किया।

प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि मानदेय बढ़ाने के निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने इसे लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं विशेष रूप से सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे मौजूद रहीं। उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें