रुड़की/देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रुड़की में संघ के क्षेत्र और प्रांत के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर संवाद करेंगे।
संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल के अनुसार, प्रवास के दौरान संघ के शताब्दी वर्ष के तहत वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
बैठकों में संघ के पंच परिवर्तन अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। इसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध यानी स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य जैसे विषय शामिल हैं। देशव्यापी नशामुक्ति अभियान को लेकर भी मंथन किया जाएगा।
प्रवास के दौरान मोहन भागवत हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे। आध्यात्म, शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार की भूमिका को देखते हुए इस आयोजन में उनकी उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












