November 13, 2026 7:51 pm

स्वच्छ सर्वेक्षण में काशीपुर और रुद्रपुर का परचम, दोनों शहरों को मिला प्रथम पुरस्कार, CM धामी ने दी बधाई

देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के दो शहरों काशीपुर और रुद्रपुर ने प्रथम पुरस्कार हासिल किए हैं। काशीपुर को प्रदेश स्तर पर और रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को बधाई दी।

गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुरस्कारों की जानकारी दी। नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से दोनों शहरों को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार शहरी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नगर निकायों में किए गए सुधारों के लिए दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। राज्य सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए प्रयास कर रही है।

धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। शहरी क्षेत्रों में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता संबंधी बुनियादी ढांचे का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई जरूरी है। उन्होंने अन्य नगर निकायों से काशीपुर और रुद्रपुर के प्रयासों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता के मानकों में सुधार करने को कहा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, कचरा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवींद्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे और सचिव नितेश झा मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें