November 11, 2026 6:53 pm

छह माह के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, ओंकारेश्वर मंदिर रवाना हुई बाबा की पंचमुखी डोली

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह छह बजे समाधि पूजा के बाद गर्भगृह के कपाट बंद हुए, जबकि सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य द्वार भी छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली जयकारों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।

कपाट बंद करने की प्रक्रिया बुधवार तड़के चार बजे से शुरू हुई। परंपरानुसार बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। सुबह छह बजे समाधि पूजा के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इस दौरान धाम में मौजूद श्रद्धालु बाबा के जयकारे लगाते रहे। मंदिर के मुख्य कपाट बंद होने के अवसर पर भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।

ओंकारेश्वर मंदिर में छह माह होगी पूजा-अर्चना

मुख्य कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना इसी मंदिर में संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कपाट बंद होने तक 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। अब हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित केदारनाथ धाम में अगले छह माह तक पूजा-अर्चना का क्रम विराम पर रहेगा, जबकि बाबा केदार की शीतकालीन पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में जारी रहेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें