October 13, 2026 6:11 am

स्थापना दिवस पर उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर, अमित शाह के देहरादून आने की संभावना

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर नौ नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया जा सकता है। यह सम्मान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रदान कर सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे और समारोह को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर देने की घोषणा इसी साल अप्रैल में की गई थी। इसके बाद से सम्मान समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड पुलिस के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर का डिजाइन भी अंतिम रूप दे दिया गया है। अब स्थापना दिवस पर सम्मान प्रदान करने के लिए तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं।

राष्ट्रपति पुलिस कलर पुलिस बल को उसकी उत्कृष्ट सेवाओं और कार्यों के लिए दिया जाने वाला महत्वपूर्ण सम्मान है। इसके लिए पुलिस बल के कामकाज का कई स्तरों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार जैसे पहलुओं को परखा जाता है। यह सम्मान पुलिस बल के ध्वज और वर्दी पर अंकित होकर उसकी पहचान, गौरव और परंपरा का प्रतीक बनता है।

उत्तराखंड पुलिस इन मूल्यांकन प्रक्रियाओं में सफल रही, जिसके बाद उसे इस सम्मान के लिए चुना गया। अप्रैल में गोवा पुलिस को भी राष्ट्रपति पुलिस कलर देने की घोषणा की गई थी। गोवा में सम्मान प्रदान करने के लिए समारोह आयोजित किया जा चुका है।

अब उत्तराखंड पुलिस को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजे जाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार, नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में समारोह आयोजित किया जा सकता है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होकर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान कर सकते हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें