देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यात्रा में अब तक 56 लाख 18 हजार 497 से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है।
इस वर्ष बाबा केदारनाथ, भगवान बदरीविशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण और चारधाम यात्रा को लेकर लोगों के विश्वास के तौर पर देखा जा रहा है।
राज्य सरकार के अनुसार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया गया है। यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया।
सरकार के मुताबिक केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था का सकारात्मक असर यात्रा पर दिखाई दे रहा है। इससे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं और धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना बेहतर व्यवस्थाओं और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की।












