October 3, 2026 4:27 am

मुख्यमंत्री ने 9.93 लाख पेंशनरों को जारी की 147 करोड़ से अधिक की पेंशन

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजन सिविल सेवा कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों तथा निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान भी किया। इसके तहत प्रदेश के 9 लाख 93 हजार 886 पेंशनरों को कुल 147 करोड़ 34 लाख 53 हजार रुपये की पेंशन जारी की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को वरिष्ठजनों के कल्याण की शपथ दिलाई और परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिवार में वरिष्ठजनों की मौजूदगी सुरक्षा और संस्कार का आधार होती है। उनके सानिध्य से बच्चों को जीवन के आदर्श और अनुभव की सीख मिलती है। वरिष्ठजन परिवार के सुरक्षा कवच की तरह होते हैं और उनके अनुभव से घर में अनुशासन और संस्कार बने रहते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य सेवक होने के साथ वह राज्य के बेटे भी हैं। उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन दे रही है और पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा भी वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू किया गया है। दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वरिष्ठजनों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, निदेशक संजय कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें