उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जिले की विकास योजनाओं की जानकारी समेटने वाली डिजिटल पहल ‘योजना दीदी’ ई-पुस्तक का विमोचन भी किया।
मुख्य सचिव ने जिला योजना, राज्य वित्त, 25 सूत्रीय कार्यक्रम और केंद्र पोषित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने धामों और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने तथा ठोस अपशिष्ट के प्रभावी निस्तारण के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और नगर निकायों को 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और अंतरविभागीय समन्वय से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने को कहा।
उद्यान विभाग की योजनाओं, पॉलीहाउस निर्माण और जायका परियोजना में धीमी प्रगति पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को नियमित निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा करने को कहा।
हिमालयी नदियों के संरक्षण की पहल
बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और उत्तराखंड राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रारंभ—नदी, जलीय संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता विरासत प्रबंधन’ परियोजना का शुभारंभ किया गया। गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्र की हिमालयी नदियों के संरक्षण के लिए करीब 3.26 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस जिला स्तरीय मॉडल को प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति मिलने के बाद शुरू किया गया।
संगठनों के प्रतिनिधियों से किया संवाद
समीक्षा बैठक से पहले मुख्य सचिव ने सिविल सोसायटी, पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स, होटल एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन उपस्थिति, कूड़ा निस्तारण, सड़क और नेटवर्क, उपनल में समान कार्य-समान वेतन, नेलांग-जादुंग परमिट के लिए एकल खिड़की व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।
मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न वर्गों और संगठनों से संवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया।
स्मार्ट कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण
मुख्य सचिव ने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आधुनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सीसीटीवी नेटवर्क, वास्तविक समय निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने आमजन की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निगरानी प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
महिलाओं को पर्यटन से जोड़ने की पहल देखी
मुख्य सचिव ने भटवाड़ी विकासखंड के गणेशपुर में समग्र पर्यटन पहल के तहत संचालित ‘वूमेन हिल्स ट्रैक एडवेंचर’ का भी अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर पर्यटन गतिविधियों से जुड़े उनके अनुभव जाने। इस पहल के तहत महिलाओं को ट्रेकिंग, मार्गदर्शन, खानपान और शिविर संचालन का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। मुख्य सचिव ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने वाली इस पहल की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।











