September 26, 2026 2:56 pm

किच्छा में चुनाव बाद सियासी बवाल, विधायक को थप्पड़ मारने का आरोप; एक गिरफ्तार, 30 हिरासत में

रुद्रपुर। किच्छा नगर पालिका चुनाव के बाद मंगलवार शाम मतगणना परिसर में विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई और विधायक तिलक राज बेहड़ को थप्पड़ मारे जाने का आरोप सामने आया। पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों को अलग किया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 30 लोगों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

स्ट्रांग रूम की व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और पर्दे लगाए जाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच भी तनातनी बढ़ गई। इसी दौरान विधायक बेहड़ को थप्पड़ मारे जाने का आरोप लगाया गया। विधायक पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत देने की बात कही गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर मौके से हटाया। पुलिस के अनुसार, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को पंतनगर स्थित सिडकुल चौकी ले जाया गया, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को किच्छा कोतवाली ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए की गई।

एक गिरफ्तार, 30 लोग हिरासत में

पुलिस ने लालपुर की आस्था कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय धीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उस पर विधायक के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। उसे धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने वाले 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

विधायक पक्ष ने मांगी एफआईआर

घटना के बाद विधायक पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास का आरोप लगाया गया। इन आरोपों पर अंतिम स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ाई

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा। शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मतगणना परिसर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें