September 27, 2026 1:28 am

yashpal

मंच शुद्धिकरण मामले पर यशपाल आर्य का महेंद्र भट्ट पर प्रहार, कहा – बीजेपी की मानसिकता और सियासी सोच को दर्शाता है, भट्ट का शुद्धिकरण को सही ठहराना

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित तौर पर इस कृत्य को सही ठहराए जाने पर भी सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया है।

कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के बाद सभा स्थल को ‘अशुद्ध’ मानकर उसका शुद्धिकरण किया जाना गंभीर विषय है। पार्टी ने सवाल उठाया कि ऐसी मानसिकता राजनीतिक सहिष्णुता और सामाजिक समरसता के लिए क्या संदेश देती है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल किसी राजनीतिक दल या नेता के अपमान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और राजनीतिक सहिष्णुता पर भी सवाल खड़े करता है। पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि शासन और प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

कांग्रेस ने सरकार से पूछा कि क्या प्रशासन ने कथित घटना का संज्ञान लिया है और यदि लिया है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित रूप से इस कृत्य को सही ठहराए जाने पर सरकार का रुख भी स्पष्ट करने की मांग की गई।

पार्टी ने कहा कि कानून का राज तभी सार्थक है, जब सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए कानून समान रूप से लागू हो। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने भाजपा से भी स्पष्ट करने को कहा कि वह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति करना चाहती है या फिर नफरत, भेदभाव और सामाजिक विभाजन की राजनीति। पार्टी ने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार और प्रशासन की निष्पक्ष भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें