September 27, 2026 1:25 am

रक्षाबंधन पर महिलाओं को धामी सरकार की बड़ी सौगात, 60 साल की उम्र से रोडवेज में मुफ्त सफर

देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मिलने वाली निशुल्क यात्रा की सुविधा अब महिलाओं को 60 वर्ष की आयु से दी जाएगी। इस फैसले से प्रदेश की अधिकाधिक बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक शौचालय विकसित करने की भी घोषणा की। इन शौचालयों में स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए गुलाबी ई-बस के रूप में समर्पित करने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जाएगा।

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा भी बढ़ाने का ऐलान किया। ऋण की सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनाना है।

रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री ने बहनों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें