September 27, 2026 3:27 am

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को परेड ग्राउंड में नहीं मिली अनुमति, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भड़के

देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित करने की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है। इसके बाद कांग्रेस अब कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक स्थान की तलाश में जुट गई है।

प्रशासन का कहना है कि परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में छात्रों के एकत्र होने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए अनुमति नहीं दी जा सकती। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और आयोजन से पहले ही दिल्ली से आवश्यक सामग्री भी देहरादून पहुंच गई थी।

वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने प्रशासन के फैसले पर आपत्ति जताई है। पार्टी का दावा है कि पहले कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी, शुल्क भी जमा कराया गया था और उसी के आधार पर पोस्टर, बैनर तथा छात्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतिम समय में अनुमति रद्द किए जाने से कार्यक्रम की तैयारियों पर असर पड़ा है।

कांग्रेस ने प्रशासन से दोबारा अनुमति देने का अनुरोध किया है। साथ ही पार्टी अब वैकल्पिक स्थल की तलाश कर रही है, ताकि राहुल गांधी का कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जा सके।

गौरतलब है कि राहुल गांधी 17 जुलाई को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत देहरादून आने वाले हैं। कांग्रेस के अनुसार इस अभियान के माध्यम से छात्रों से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, महंगी शिक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया जाएगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें