September 26, 2026 9:56 pm

सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड़ा फैसला: हर विकासखंड में खुलेगा बालिका छात्रावास, 15 जून तक सभी घोषणाओं पर होगा जीओ जारी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों और घोषणाओं को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों की योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान सीएम ने निर्देश दिए कि प्रदेश के हर विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास खोले जाएं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन घोषणाओं के शासनादेश (जीओ) अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें हर हाल में 15 जून 2026 तक जारी किया जाए। साथ ही योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।

सीएम धामी ने बिजली, पेयजल, सड़क, वनाग्नि और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रघुनाथ मंदिर, लक्ष्मण मंदिर और सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने की बात कही गई। वहीं, पौड़ी में युवाओं के लिए मल्टीपरपज हॉल बनाने और केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें