देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। हरिद्वार में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के नौ मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यह सरकार से नहीं, बल्कि संगठन की ताकत से चलती है। सेवा और समर्पण पार्टी का मूलमंत्र है।
22 नवंबर को आयोजित कार्यसमिति की मुख्य बैठक में करीब 1,800 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इनमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल रहे। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा हिमालय की तरह अडिग है और उसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराया।
राजनाथ सिंह ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
बैठक के पहले दिन 21 नवंबर को भाजपा के सभी सात मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी लक्ष्य और जिम्मेदारियां तय कीं।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी के सातों मोर्चों को एक-एक लाख लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। पार्टी का जोर युवा, महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाने पर है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के लोग भी भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी संबंधित मोर्चों के माध्यम से ही आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चों और ब्लॉक स्तर की कार्यसमितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों की तिथियां भी घोषित की जाएंगी।












